हादसे के बाद मौक पर लगी लोगों की भीड़।
ढखेरवा-धौरहरा रोड पर तकिया अमृत सरोवर के पास हुआ हादसा
हादसे के बाद अनियंत्रित होकर पलटी बस, 12 यात्री जख्मी हुए
निघासन (लखीमपुर खीरी)। धौरहरा तहसील क्षेत्र में मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार निजी बस ने सामने से आ रहे दो बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए तीनों लोगों को रौंद दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इससे बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए। हादसा ढखेरवा-धौरहरा रोड पर निघासन थाना क्षेत्र के तकिया अमृत सरोवर के निकट हुआ।
धौरहरा से लखीमपुर जा रही (यूपी 31 टी 0876) बस ने सामने से आ रहीं दो बाइकों में टक्कर मार दी। अलग-अलग बाइकों पर सवार तीनों लोग गिर गए, अनियंत्रित बस उन्हें रौंदते हुए सड़क किनारे पलट गई। हादसे में मुकेश (24) पुत्र सुंदर लाल व मोनू (15) पुत्र कन्हैयालाल निवासीगण नौरंगाबाद मजरा रामलोक थाना धौरहरा, जबकि बीरू उर्फ विशाल (30) पुत्र प्रदीप कुमार निवासी त्रिलोकपुर जिला श्रावस्ती की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक लखीमपुर से धौरहरा की ओर जा रहे थे।
इसके बाद बस पलटने से बस में सवार 20 यात्रियों में 12 घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले रमियाबेहड़ सीएचसी ले जाया गया। वहां से आठ यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की जा रही है। घटना की सूचना पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह और एसपी संजीव सुमन भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। निघासन थाना पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बस को कब्जे में ले लिया है।