लखीमपुर खीरी। जिले में संचालित हो रहे 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अभी तक आठ तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। अब चार कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में नए सत्र से कक्षा नाै के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। जुलाई तक तीन और आवासीय विद्यालयों को उच्चीकृत करने की तैयारी है।
जिला समन्वयक रेनू ने बताया कि कक्षा आठ तक कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में पढ़ने के बाद छात्राओं को नौ में प्रवेश के लिए दूसरे स्कूलों में जाना पड़ता था, अब ऐसा नहीं होगा। कक्षा नौ तक की पढ़ाई कस्तूरबा विद्यालय में ही होगी। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मोहम्मदी, नकहा, निघासन और बांकेगंज, बेहजम, पसगवां और बिजुआ के विद्यालय का उच्चीकरण किया जा रहा है।
शुरुआती चार विद्यालयों में मोहम्मदी, नकहा, निघासन और बांकेगंज में इसी अप्रैल से कक्षा नौ के लिए आवेदन लेकर प्रवेश मिलने शुरू हो जाएंगे। अन्य तीन स्कूलों में बेहजम, पसगवां और बिजुआ के विद्यालय में जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रेनू का कहना है कि आवासीय विद्यालयों में कमजोर वर्ग की छात्राओं का विशेष ध्यान रखा जाता है।
छात्राओं को दी जातीं हैं सभी नि:शुल्क सुविधाएं
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पंजीकृत छात्राओं को सुबह के नाश्ते से लेकर रात का खाना, रहना, सहित पढ़ाई में प्रयोग होने वाली सामग्री, किताबें आदि सभी निशुल्क प्रदान की जाती हैं। उनके स्वास्थ्य का ख्याल रखा जाता है। छात्राओं को गुणवत्ता परक नाश्ता व भोजन आदि मिल रहा है, इस बात की निगरानी के लिए अधिकारी निरीक्षण करते रहते हैं।