फरधान। लखीमपुर मार्ग पर गूमचीनी कस्बे से लकेसर को जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने चार साल की बच्ची को कब्जे में लेकर दंपती से जेवर लूट लिए। तमंचे की बट मारकर पति को घायल कर दिया।
फरधान थाना क्षेत्र के गांव पिपरियाअंडू निवासी राजकिशोर गुप्ता अपनी पत्नी गीता देवी और चार साल की बच्ची निहारिका गुप्ता के साथ ककराही गांव से सोमवार शाम 7:30 बजे वापस आ रहे थे। राजकिशोर ने बताया कि गूमचीनी के पास पहुंचने पर तीन बाइक सवार पास में आए और लकेसर गांव जाने वाला रास्ता पूछने लगे।
एक बदमाश ने बाइक पर बैठी गीता देवी को पकड़ने की कोशिश की। मामला संदिग्ध समझकर राजकिशोर ने लकेसर मार्ग पर बाइक तेजी से भगा दी, लेकिन बदमाशों ने आगे बाइक लगाकर दंपती को रोक लिया। चालक हेलमेट लगाए था, जबकि दो बाइक सवार बदमाश ऐसे ही थे। बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक थी। पीछे बैठे बदमाश ने गीता देवी की गोद से चार साल की बच्ची को कब्जे में ले लिया और असलहा लगाकर राजकिशोर गुप्ता और बच्ची को जान से मारने की धमकी दी। गीता देवी ने डरकर पहने हुए सारे गहने दे दिए। जिसमें एक हार, पायल, झाले समेत अन्य जेवर शामिल हैं। राजकिशोर से भी चेन व अंगूठी लूट ली। बदमाशों ने चलते समय तमंचे की बट सिर पर मारकर राजकिशोर गुप्ता (22) को घायल कर दिया। तीनों बदमाश बाइक से गूमचीनी की तरफ भाग गए।
बदमाशों के चले जाने के बाद गीता देवी ने अपने घर फोन करके राजकिशोर के भाई संदीप गुप्ता को बताया। लूट की जानकारी होने पर तुरंत गांव के लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक बाइक सवार भाग चुके थे। सूचना पाकर मौके पर डायल 112 पुलिस पहुंची और जांच की। वहीं घायल राजकिशोर का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मौके पर है। तलाश की जा रही है। तहरीर मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।