लखीमपुर खीरी। सर्दी में अधिकांश लोग जुकाम, बुखार, खांसी आदि बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। खांसी को ठीक होने में 15 से 20 दिन या इससे भी अधिक समय लग रहा हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जिनका इम्युनिटी सिस्टम कमजोर है, उनकी खांसी ठीक होने में थोड़ा समय लग रहा है।
जिला अस्पताल में रोजाना सात से आठ सौ मरीज पहुंच रहे हैं। जिसमें आठ से दस फीसदी मरीज खांसी और सर्दी के होते हैं। अस्पताल में कफ सिरप सहित अन्य दवाइयां मरीजों को दी जा रही हैं। कुछ मरीजों पर ये दवाइयां असर नहीं कर रही हैं। सबसे ज्यादा समस्या छोटे बच्चों और बुजुर्गों में देखने को मिल रही है।
खांसी में आराम न होने पर लोग जिला क्षय रोग अस्पताल में टीबी की जांच कराने पहुंच रहे हैं, लेकिन टीबी की बीमारी नहीं निकल रही है। प्रभारी जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि ऐसा नहीं है कि दवाएं बेअसर हो रही है। जिन लोगों की खांसी जल्दी ठीक नहीं होती हैं, उनका इम्युनिटी सिस्टम कमजोर होता है।
ये परहेज करें
डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि खांसी आने की कई वजह होती है। कुछ लोगों को एलर्जी से खांसी हो जाती है, तो कुछ को ठंडी हवा और ठंडे पेय पदार्थ से समस्या हो रही है। ऐसे में जरूरी है कि मूली, दही जैसी ठंडी तासीर वाली चीजों के सेवन से बचें।