गोला कोतवाली में धरने पर बैठे वकील
गोला गोकर्णनाथ। यातायात पुलिस पर एक वकील से बदसलूकी का आरोप लगाते हुए सेंट्रल बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह की अगुवाई में वकीलों ने कोतवाली का घेराव किया। कोतवाली में धरना दिया। गुरुवार को एसपी से मिलकर वकील कार्रवाई की मांग करेंगे।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव सिंगहा के मजरा ग्रंट नंबर 14 निवासी अधिवक्ता सुधीर कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मंगलवार की शाम छह बजे वह बाइक से बाईपास स्थित सब्जी मंडी गए थे। इसी दौरान यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक हरमीत सिंह अपने हमराहियों के साथ आ गए और जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। इससे गुस्साए वकीलों ने कोतवाली घेर ली।
धरना-प्रदर्शन करते हुए दरोगा पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। उधर, यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि सुधीर की गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी थी, जिसे हटाने को कहा था। अन्य आरोप निराधार है।
प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह चौहान ने बताया कि जो आरोप लगाए गए हैं, वह जांच का विषय है। छानबीन की जाएगी। इस मौके पर मनोज श्रीवास्तव, रामकुमार गौतम, संदीप अवस्थी, नरेंद्र शुक्ला, उमेश गुप्ता, अनूप वर्मा, संत कुमार, सुधीर कुमार, जगबीर सिंह भदौरिया आदि वकील मौजूद रहे।