कार दुर्घटना में घायल वन्यजीव की तलाश करते वन कर्मी।
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व के गौरीफंटा जंगल मार्ग से बेलरायां जा रही कार की चपेट में आकर एक वन्यजीव के घायल होने के मामले में डीटीआर प्रशासन इस घायल वन्यजीव की तलाश में जुटा हुआ है। तमाम कोशिशों के बाद भी अभी तक घायल वन्यजीव का सुराग नहीं लग पाया है। वहीं, कार चालक के खिलाफ केस किया गया है।
गौरीफंटा-पलिया रोड पर कार की चपेट में आकर शुक्रवार शाम करीब आठ बजे एक वन्यजीव घायल हो गया था। दुधवा बैरियर पर वाहनों की चेकिंग के दौरान इस कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया था। पूछताछ करने पर चालक ने कार से किसी वन्यजीव के टकराने की बात बताई। घायल वन्यजीव की खोज के लिए 20 कैमरे लगवाए गए हैं। हाथियों के जरिये वन्यजीव की तलाश की जा रही है, मगर उसका पता नहीं चला।
एफडी ललित वर्मा ने बताया कि वन विभाग ने दुर्घटना करने वाले कार चालक सरवन के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस किया है। कार सरजू सहकारी चीनी मिल बेलराया की है। जिसमें चीनी मिल के इंजीनियर और उनका परिवार सवार था। उन्हें अधिकारियों ने जाने दिया है। जबकि चालक को हिरासत में ले लिया गया है, उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।