बार्डर पर अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते एसपी गणेश प्रसाद साहा-स्रोत पुलिस
संपूर्णानगर। इंडाे-नेपाल सीमा पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम की कवायद तेज कर दी गई है। मंगलवार दोपहर पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने एसएसबी, वन विभाग, नेपाल की एपीएफ फोर्स के साथ नेपाल के मार्ग स्थित केमा बैरियर आजाद नगर घोला का भ्रमण किया। केमा बैरियर ब्रिज पर एकीकृत कवच आउटपोस्ट बनाने की पहल की।
एसपी ने भारत-नेपाल सीमा के मार्गों के बैरियर व नाका पर चेकिंग अभियान चलाकर सीमा को जोड़ने वाले अन्य मार्गों, पगडंडी, कच्चे व पक्के रास्तों पर तस्करी करने वालों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। जनपद लखीमपुर में भारत-नेपाल की सीमा 120 किलोमीटर के परिक्षेत्र में है, जिसके अंतर्गत जनपद के चार थाने गौरीफंटा, चंदन चौकी, तिकुनियां व संपूर्णानगर आते हैं।
सीमा की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाए जाने के लिए एसपी ने कवच सेल का गठन किया है, जिसके तहत सीमा सुरक्षा के लिए अतिरिक्त 16 कवच आउटपोस्ट बनाए गए हैं, जिन पर उप निरीक्षक को कवच आउटपोस्ट के प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है, साथ ही साथ सिपाहियों की तैनाती की गई है, जो सीमा पर निगरानी कर अवांछनीय गतिविधियों पर रोक लगाएंगे।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने केमा बैरियर ब्रिज पर एकीकृत कवच आउटपोस्ट बनाने के लिए वन विभाग, नेपाल पुलिस, एसएसबी से समन्वय स्थापित कर पहल की है। भ्रमण के दौरान एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट खेमराज 39 बटालियन पलिया, क्षेत्राधिकारी पलिया यादवेंद्र यादव, थाना प्रभारी निराला तिवारी, वन दरोगा गरीबन लाल आदि मौजूद रहे।