लखीमपुर खीरी। श्री अन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत सोमवार को राजापुर स्थित आईटीआई में एक दिवसीय जिला स्तरीय मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में होटल, समूह व एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियां) मिलेट्स रेसीपी प्रतियोगिता कराई गईं। इसमें श्री अन्न से बने उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। एफपीओ में तथास्तु को प्रथम, इवान्यन नगरी को द्वितीय व महाकरणी को तृतीय स्थान मिला। वहीं समूह में सरस्वती स्वयं सहायता समूह को प्रथम, जय मां संतोषी द्वितीय स्थान मिला। प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धारवे ने व्यंजनों के प्रचलन व महत्व जाना। कार्यक्रम में विधायक योगेश वर्मा, विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर सांवा की खीर, कोदों की खिचड़ी का स्वाद लिया। कृषि विज्ञान केंद्र मझरा के वैज्ञानिक डॉ. विवेक कुमार पांडेय ने श्री अन्न के उगाने व इससे होने वाले लाभ के बारे में किसानों को जानकारी दी। डीडी कृषि गिरीश चंद्र ने किसानों को योजनाओं की जानकारी दी। मन्यौरा के उमेश तिवारी के नुक्कड़ नाटक व सीतापुर के मुन्ना जादूगर ने दैनिक जीवन में मिलेट्स के प्रयोग व लाभ बताए। इधर, कार्यक्रम में 12 महिलाओं को सिंचाई मशीन दी गई। संवाद