लखीमपुर खीरी। परिषदीय स्कूलों में इस बार ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके साथ ही प्रेरणा पोर्टल पर डिजिटल रजिस्टर्स की शुरुआत करनी होगी। यदि शिक्षक निर्धारित समय से 15 मिनट देरी से पहुंचे तो उनके नाम के आगे ''अ'' यानी अनुपस्थित दर्ज हो जाएगा। एक जुलाई से स्कूल आठ बजे से लेकर दो बजे तक स्कूल खुलेंगे। विभाग शिक्षकों को सिम कार्ड का वितरण कर चुका है।
पिछले साल ही विद्यालयों में प्रयोग होने वाले 12 रजिस्टरों को डिजिटल करने, ऑनलाइन उपस्थित दर्ज कराने का आदेश था। आदेश के बाद से ही शिक्षक संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। इसके चलते इस आदेश पर रोक लगा दी गई थी लेकिन इस बार 15 जुलाई से यह आदेश लागू हो जाएगा। प्रेरणा पोर्टल पर इस बार ''डिजिटल रजिस्टर्स'' नामक मॉड्यूल भी विकसित किया गया है।
इसके तहत बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन हाजिरी के साथ 12 तरह के रजिस्टर ऑनलाइन कर दिए गए हैं। शिक्षकों को स्कूल छोड़ने का समय भी डिजिटल रजिस्टर पर दर्ज करना होगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कराने के लिए उन्हें 15 मिनट का समय मिलेगा। यदि 15 मिनट से ज्यादा देर होगी तो पोर्टल पर अनुपस्थित दर्ज हो जाएगा।
कहीं कोई कमी न रहे इसको लेकर दिए गए टैबलेट में जिओ-फेंसिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसलिए हाजिरी लगाने के लिए शिक्षकों और स्टाफ का स्कूल में रहना जरूरी होगा। स्कूल परिसर से बाहर उनकी उपस्थिति दर्ज ही नहीं होगी। प्रधानाध्यापक इसी टैबलेट के जरिये शिक्षकों-कर्मचारियों की उपस्थिति प्रमाणित करेंगे।
ये रजिस्टर होंगे ऑनलाइन
उपस्थिति पंजिका, प्रवेश पंजिका, कक्षावार छात्र उपस्थिति, मिड डे मील, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण, स्टाक रजिस्टर, आय-व्यय व चेक, इश्यू पंजिका, बैठक पंजिका, निरीक्षण पंजिका, पत्र व्यवहार पंजिका, बाल गणना और पुस्तकालय पंजिका, खेलकूद रजिस्टर।