लखीमपुर। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने दहेज में बाइक न मिलने पर पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पत्नी को दो छोटी बच्चियों समेत घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
धौरहरा कस्बे के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी इसरार की पुत्री रुखसाना का निकाह तीन वर्ष पूर्व शेखनपुरवा गांव निवासी आमिर अली के साथ हुआ था। रुखसाना ने बताया कि निकाह में उसके पिता ने दान-दहेज दिया था। पति इसरार, ससुर कमर अली, सास समीम बानो, ननद आयशा आए दिन दहेज में बाइक की मांग कर उसे प्रताड़ित करे थे। बुधवार को पति आमिर ने उसे तीन तलाक देकर दो बच्चियों सहित घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने सीओ प्रीतम पाल सिंह को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। सीओ के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति सहित चार आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व 3/4 मुस्लिम विवाह अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।