लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रकाशनगर में महिला ने आत्महत्या कर ली। मृतका का पति होमगार्ड के पद पर तैनात है और नकहा डायल-112 का वाहन चलाता है। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से पूछताछ कर रही है।
मोहल्ला प्रकाशनगर निवासी होमगार्ड अनिल कुमार दीक्षित की पत्नी ममता (35) ने आत्महत्या से पहले लिखा कि उसका पति एक युवक के बहकावे में आकर उस पर शक करता था। उसी युवक की वजह से वह पति की नजरों में गिर गई। इसको लेकर कई बार पति पत्नी के बीच विवाद भी हुआ। इधर, फांसी लगाने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा काटा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया। परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
अनिल ! मैंने तुमसे और बच्चों से बहुत प्यार किया
घटना के बाद मौके से मिले सुसाइड नोट में ममता ने अपने पति अनिल का जिक्र करते हुए लिखा है कि वह उससे और बच्चों से बहुत प्यार करती थी। सुसाइड नोट में सभी को माफ करने की बात भी लिखी है। उसने एक इंसान के बहकाने से उसकी और उसके बच्चों की जिंदगी बर्बाद करने का भी जिक्र किया है।