लखीमपुर खीरी। पुलिस भर्ती परीक्षा देने विभिन्न जिलों से आए परीक्षार्थियों को हिंदी और रिजनिंग ने खूब छकाया। अंग्रेजी, गणित समेत अन्य कई विषयों से प्रश्न पूछे गए थे मगर इन दोनों विषयों को सवाल जरा मुश्किल थे।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि वैसे तो पेपर अच्छा हुआ है, लेकिन माइनस मार्किंग होने की वजह से कुछ सवाल छोड़ने पड़े। समय का भी थोड़ा अभाव रहा। अगर थोड़ा समय और मिल जाता तो पेपर और अच्छा होता। ज्यादातर अभ्यर्थियों का यही कहना था कि हिंदी और रिजनिंग के सवाल कठिन थे। बाकी पेपर अच्छा हुआ है। अब बस परिणाम का इंतजार है।
प्रश्नपत्र के ज्यादातर सवालों के जवाब के दिए हैं। समय का थोड़ा अभाव था। अगर कुछ समय और मिलता तो अच्छे से जवाब दिया जाता। फिर भी अब परिणाम आने के बाद ही रिजल्ट पता चल सकेगा।
- अमित कुमार, गोंडा
पेपर ठीक था। हिंदी और रिजनिंग के सवाल थोड़े कठिन थे, लेकिन फिर भी परिणाम अच्छा आने की उम्मीद है। 300 अंकों का पूरा प्रश्नपत्र आया था। प्रश्नपत्र में हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, सामान्य ज्ञान और अन्य तमाम विषयों को शामिल किया गया था।
- मोहम्मद अनस, पीलीभीत
उम्मीद से अच्छा पेपर आया था। समय भी पर्याप्त था। सभी सवाल हल किए हैं। अब परिणाम का इंतजार है।
- पूर्णिमा मिश्रा, लखनऊ
हिन्दी और विज्ञान के तमाम सवाल कठिन थे। माइनस मार्किंग होने की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल उम्मीद पूरी है कि परिणाम अच्छे आएंगे।
- ध्रुवी सिंह, सीतापुर
-
3587 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
प्रथम पाली में 3071 और द्वितीय पाली में 3134 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
लखीमपुर खीरी। पहले दिन की दोनों पालियों में 3587 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग नहीं किया। दोनों पालियों में परीक्षा केंद्रों पर 9792 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को साढ़े आठ बजे से केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। जामा तलाशी के बाद ही अंदर जाने दिया गया।
पहले दिन अभ्यर्थियों में काफी उत्साह देखा गया। गोंडा, लखनऊ, पीलीभीत, सीतापुर आदि जिलों से आए अभ्यर्थी समय से परीक्षा केंद्र पहुंचे। अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसको लेकर पुलिस-प्रशासन जुटा रहा।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल व एसपी गणेश प्रसाद साहा ने आदर्श जनता इंटर कॉलेज देवकली, जिला पंचायत इंटर कॉलेज कालाआम का निरीक्षण किया। एडीएम संजय कुमार सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज, अब्दुल कलाम गर्ल्स इंटर कॉलेज, जिला पंचायत इंटर कॉलेज कालाआम, पीके इंटर कॉलेज, वाईडी कॉलेज का निरीक्षण किया।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक पाली के लिए 4896 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 3071 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तो 1825 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 3134 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तो 1762 ने परीक्षा से किनारा कर लिया।