मैलानी। गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस (15009-15010) चार दिन चारबाग लखनऊ जंक्शन तक नहीं जाएगी। लखनऊ-शाहगढ़ पैसेंजर जंक्शन के बजाय डाॅलीगंज से शाहगढ़ के बीच संचालित होगी। इन दिनों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि रेल यात्रियों की सुविधा के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। कार्य और सीआरएस निरीक्षण के चलते ट्रेन संख्या 15009 गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस 10 से 13 जून तक निर्धारित मार्ग मल्हौर-डॉलीगंज-लखनऊ जंक्शन-मैलानी के बजाय परिवर्तित मार्ग मल्हौर-डॉलीगंज-मैलानी के रास्ते चलेगी। इस अवधि में यह ट्रेन लखनऊ जंक्शन नहीं जाएगी।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 15010 मैलानी-गोरखपुर एक्सप्रेस 11 से 14 जून तक मैलानी-डॉलीगंज-लखनऊ जंक्शन-मल्हौर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग मैलानी-डॉलीगंज-मल्हौर के रास्ते चलाई जाएगी। लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर नहीं रुकेगी। ट्रेन नंबर 05086 लखनऊ जंक्शन-शाहगढ़ पैसेंजर 11 से 14 जून तक लखनऊ जंक्शन के स्थान पर डॉलीगंज से चलेगी। ट्रेन नंबर 05489 सीतापुर-लखनऊ पैसेंजर 11 से 14 जून तक लखनऊ के बजाय डॉलीगंज में यात्रा समाप्त करेगी।