लखीमपुर खीरी। नगर के मेला मैदान स्थित दो मशीनरी स्टोर में शुक्रवार को पुलिस ने छापा मारकर बॉस कंपनी केे नाम से बेचे जा रहे ढाई लाख की कीमत के नकली पार्ट्स बरामद किए हैं। कंपनी के कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों व्यापारियों के खिलाफ काॅपीराइट एक्ट के तहत का मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेला मैदान स्थित डायमंड मशीनरी स्टोर और बक्शी मशीनरी स्टोर पर काफी समय से बॉस कंपनी का नकली स्टीकर लगाकर वाहन के पार्ट बेचने की शिकायत मिल रही थी। कंपनी के कर्मचारी मोहम्मद साहिद की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दोनों दुकानों में छापा मारा। इस दौरान दुकानों से बाॅस कंपनी के स्टीकर लगे नोजल, एलीमेंट, डिलीवरी वाल और सर्विस किट के अलावा तमाम पार्ट्स की खेप बरामद हुई।
बरामद माल की कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी जा रही है। सदर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि डायमंड व बक्शी मशीनरी के मालिक दीपक कुमार व अवतार सिंह के खिलाफ काॅपीराइट का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। बाजार के पुलिस के छापा मारने की खबर से अन्य व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।