लखीमपुर खीरी। जिले में बन रहे मेडिकल कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2023-24 से एमबीबीएस की पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। इसके लिए शासन ने 100 सीटों पर प्रवेश प्रस्तावित किया है। यहां एमबीबीएस के 22 विषयों की पढ़ाई होगी, जिसमें पहले साल के प्रैक्टिकल मेडिकल कॉलेज में ही होंगे। प्रवेश एंट्रेंस एग्जाम के बाद मेरिट लिस्ट से होगा। अगस्त महीने से पढ़ाई शुरु कराने को लेकर प्रिंसिपल की नियुक्ति कर दी गई है, जबकि अन्य स्टाफ का अभी इंतजार है।
कोरोना काल के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को देखते हुए शासन ने लखीमपुर सहित कई अन्य जिलों को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी। एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर साल 2021 में देवकली रोड स्थित सैदापुर गांव में 288.7095 करोड़ की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं एवं प्रशासनिक भवन सहित अन्य भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब आखिरी दौर का फिनिशिंग का काम बाकी है।
जिम्मेदारों का कहना है कि फिनिशिंग कार्य पूरा करने के लिए ठेकेदार को 22 मई तक का समय दिया गया है। इसके अलावा जिला अस्पताल परिसर में पांच मंजिला 500 बेड का अस्पताल और महिला अस्पताल में आवास बनने का काम भी शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था को इनका निर्माण 31 दिसंबर 2023 तक पूरा करने के लिए कहा गया है।
मेडिकल कॉलेज में प्रस्तावित कोर्स (एमबीबीएस)
मेडिसिन, सर्जरी, गायनोकोलॉजी, एनाटोमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री
निर्माणाधीन मेडिकल कालेज