पुलिस गिरफ्त में मृतक अकील की पत्नी पुत्र और बहू।
गोला गोकर्णनाथ। नीची भूड़ में मृत मिले 55 वर्षीय अकील अहमद को उसके बेटे ने ही मां की शह पर किराएदार के साथ मिलकर मारा था।पुलिस ने बृहस्पतिवार को मामले का खुलासा कर दिया।
बीते रविवार की सुबह मोहल्ला नीची भूड़ निवासी 55 वर्षीय अकील अहमद का शव अपने ही मकान के अंदर संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मृतक के पुत्र वसीम, बहू मुस्कान बानो, पत्नी राजिया खातून, किराएदार रहीस और किराएदार की पत्नी कसमस को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि अकील अहमद नशे का आदी था और मकान भी बेच देना चाहता था।
आरोप लगाया कि मृतक बहू पर भी बुरी नियत रखता था। खुलासे में बात सामने आई कि वसीम ने किराएदार रहीस की मदद से गमछे से पिता का गला कस दिया। इस दौरान वसीम की पत्नी मुस्कान बानो और किराएदार की पत्नी ने पैर पकड़ लिए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गमछा और खून से सनी बनियान बरामद कर ली है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
क्राइम इंस्पेक्टर अखिलेश यादव ने बताया कि बेटे ने अपनी पत्नी और किराएदार की मदद से गमछे से गला घोंटकर अकील की हत्या की है। घटना में पुत्र के साथ मृतक की पत्नी भी संलिप्त है। घटना को अंजाम देने के बाद बेटे ने अपनी मां से फोन पर बात भी की थी।