गोला गोकर्णनाथ। सावन मेले को लेकर नगर पालिका परिषद सभा सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठक बेनतीजा रही। अधिकारियों ने कुछ ऐसे अटपटे प्रस्ताव दे डाले, जिस पर लोग सन्न रह गए और आपत्ति दर्ज की।
नगर पालिका परिषद सभागार में पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ हुई सावन मेला बैठक में तमाम नगरवासी भी शामिल हुए। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि लखीमपुर की तरफ से आने वाले कांवड़ियों को नई बाईपास रोड से ले जाकर मोहम्मदी रोड से विकास चौराहा होते हुए शिव मंदिर भेजा जाएगा। शिव मंदिर के पूर्वी गेट के पास मौजूद मालियों को हटाकर नीलकंठ मैदान के सामने रोड के किनारे स्थापित किया जाएगा।
मालियों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि जिस गेट से शिवभक्त मंदिर में प्रवेश करते हैं, उसी मार्ग में पूजन सामग्री की दुकानें हैं। हमेशा से यही होता आया है। श्रद्धालु वहीं से पूजन सामग्री आदि खरीदते और भगवान शिव के दर्शन कर नीलकंठ मैदान के रास्ते से बाहर निकलते हैं। मोहम्मदी रोड पर सावन माह के दौरान कांवड़ियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ रहती है। यदि लखीमपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी मोहम्मदी रोड से मिला दिया गया तो भीड़ को संभालना मुश्किल होगा। साथ ही साफ सफाई, पेयजल, कांच की शीशी पर प्रतिबंध, रूट डायवर्जन आदि पर बातें तो हुईं लेकिन निष्कर्ष नहीं निकला।
बैठक में एसडीएम रत्नाकर मिश्रा, सीओ राजेंद्र प्रसाद, तहसीलदार विनोद कुमार गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता, ईओ प्रदीप नारायण दीक्षित, एसडीओ विनीत वर्मा, फायर स्टेशन इंचार्ज सुरेंद्र सिंह शिंदे, भाजपा नगर अध्यक्ष शत्रुघ्न मिश्रा सहित पालिका सदस्य आदि मौजूद रहे।
शिव मंदिर के रास्ते में बैरिकेडिंग पर आपत्ति
पूर्व वर्षों में सावन माह के दौरान पौराणिक शिव मंदिर, गोकर्ण तीर्थ परिसर सहित मार्गों और गलियों को इस कदर बैरिकेड कर दिया गया कि लोगों को आने-जाने में काफी समस्या हुई। लोगों ने बैरिकेडिंग की जगह बैरियर लगाने की बात कही।