- यूपी बोर्ड परीक्षा : परीक्षार्थियों को निशाना बना रहे साइबर ठग
- डीआईओएस ने पत्र जारी कर छात्र-अभिभावकों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य खत्म होने के बाद रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। माह के अंत तक परीक्षा का परिणाम आने की भी संभावना है। इस बीच साइबर ठगों ने परीक्षार्थियों को पास कराने से लेकर अच्छे नंबर दिलाने के लिए फोन कर पैसे मांगना शुरू कर दिया है। हालांकि जिले में अब तक इस तरह की शिकायत किसी भी छात्र या अभिभावक ने नहीं की है। इस मामले में यूपी बोर्ड के निर्देश पर डीआईओएस ने पत्र जारी कर किसी के बहकावे में न आने की सलाह दी है।
डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य 18 मार्च को खत्म हो गया था। अब परीक्षा का परिणाम आना बाकी है। ऐसे में साइबर ठगों ने परीक्षार्थियों को फोन कर पास कराने एवं नंबर अधिक दिलाने का झांसा देना शुरू कर दिया है। साइबर ठग परीक्षार्थियों को फोन कर रहे हैं कि रुपये दे दो हम तुम्हें पास करवाने से लेकर नंबर भी बढ़वा देंगे। इसके लिए साइबर ठग छात्र और उनके अभिभावकों से रुपये मांग रहे हैं। इस तरह के कई अन्य जनपदों में मामले सामने के बाद बोर्ड के निर्देश पर डीआईओएस ने पत्र जारी कर परीक्षार्थियों को फर्जी कॉल से सावधान रहने की अपील की है। डीआईओएस ने बताया कि इस तरह की कॉल आने पर नंबर सहित पुलिस या फिर कार्यालय पर शिकायत करें, जिससे ठगों पर कार्रवाई कराई जा सके।