लखीमपुर खीरी। माध्यमिक राजकीय इंटर कॉलेजों की छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। प्रशिक्षण में छात्राओं को मार्शल आर्ट के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण तीन महीनों तक दिया जाएगा।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के तहत छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिले के 43 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को तीन महीने तक आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा इससे सैकड़ों छात्राओं को लाभ मिलेगा। कहा कि छात्राओं को हर रोज 40 मिनट तक मार्शल आर्ट के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षक से छात्राओं को आत्मरक्षा के बारे में तमाम महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल होंगी।
कक्षा छह से इंटर तक की छात्राओं को किया जाएगा शामिल
43 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में ऐसी छात्राएं जो कक्षा छह से लेकर 12 तक में पंजीकृत हैं, उन्हें यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन महीनों तक चलने वाले प्रशिक्षण के बाद छात्राएं ट्रेंड हो जाएंगी और वह खुद की रक्षा के लिए तैयार होंगी। छात्राओं को मार्शल आर्ट की दोनों श्रेणियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसमें सशस्त्र और निहत्था होने पर किस तरह से खुद का बचाव करना है, बताया जाएगा।