मितौली। परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाली किशोरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दोपहर काजी कमलापुर (सीतापुर) पेपर देने गयी थी। वह पेपर देकर पैदल अपने घर जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे पड़ोस गांव के पीछे भट्ठे के पास पहुंची, तभी गांव के ही रहने वाले रूपेंद्र कुमार ने आकर मोबाइल नंबर मांगा। इसके बाद उससे छेड़छाड़ करने लगा। लड़की ने जब विरोध जताते हुए शोर मचाया तो वह भाग गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि इससे पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने छेड़छाड़ की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार धीमान ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।