मैलानी। शाहगढ़ से पीलीभीत के बीच आमान परिवर्तन का काम फरवरी तक पूरा होने की उम्मीद है। मार्च में ट्रैक का संरक्षा निरीक्षण (सीआरएस) प्रस्तावित है। ऐसे में होली से पहले मैलानी से पीलीभीत के लिए ट्रेन की सौगात मिलने की संभावना प्रबल हो गई है।
मैलानी-पीलीभीत के बीच आमान परिवर्तन के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने तीस मई वर्ष 2018 को मेगा ब्लॉक लिया था। काम पूरा होने के बाद नौ नवंबर 2023 से मैलानी-शाहगढ़ के बीच ट्रेन संचालन शुरू हो चुका है। दरअसल, वन विभाग की आपत्ति के चलते शाहगढ़-माला के बीच काम में देरी हुई। एनओसी मिलने के बाद इस सेक्शन पर काम तेजी से शुरू किया गया। मौजूदा वक्त में संदेई हाल्ट और माला के बीच ट्रैक की पटरियों की वेल्डिंग का काम चल रहा है और सिर्फ शाहगढ़ यार्ड में वेल्डिंग का काम बाकी है।
आरवीएनएल के मुताबिक, दस जनवरी तक शाहगढ़ से पीलीभीत के बीच स्थित तीनों पुलों पर काम पूरा हो जाएगा। विद्युतीकरण के लिए माला-संदेई हाल्ट के बीच सिर्फ डेढ़ किमी फाउंडेशन का काम शेष है। काम पूरा होने के बाद मार्च के दूसरे हफ्ते में रेलवे ट्रैक का संरक्षा निरीक्षण प्रस्तावित है। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा, तो होली से पहले मैलानी से सीधे पीलीभीत तक रेल संचालन शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
शाहगढ़ से माला के बीच ट्रैक का काम पूरा है। ट्रैक की सेमी पैकिंग का काम भी चल रहा है। फरवरी तक आमान परिवर्तन का काम पूरा करने की पूरी कोशिशें की जा रही हैं।
- रवि प्रकाश, सीनियर साइट इंजीनियर, आरवीएनएल
माला ब्रिज नंबर 257 पर गर्डर को असेंबल करने काम चल रहा हैै। बहुत जल्द ही सेक्शन के तीनों ब्रिज का काम पूरा कर लिया जाएगा, ताकि मार्च में प्रस्तावित सीआरएस निरीक्षण में कोई बाधा न आए।
- सुशील कुमार, डिप्टी मैनेजर, सिविल, आरवीएनएल