गोला गोकर्णनाथ। नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी गल्ला आढ़ती राकेश कुमार गुप्ता (52) ने घर के अंदर बाथरूम में साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक आढ़ती की पुत्रियों शीतल, शिवानी, शिखा ने बताया कि उनके पिता राकेश गुप्ता हरदोई में गल्ला आढ़त का काम करते थे। हरदोई में एक शादी समारोह में शामिल होकर वह मंगलवार की दोपहर घर आए थे। करीब दो माह पूर्व वाणिज्यकर का नोटिस आया था। लोगों ने उन्हें कार्रवाई का डर दिखाकर भयभीत कर दिया। जबकि विभाग से न तो कोई अधिकारी आया, न ही कोई दबाव बनाया गया। लेकिन लोगों के बहकावे में आकर वह काफी परेशान रहने लगे। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता पारिवारिक जमीन को लेकर भाइयों के बीच कलह से भी परेशान थे।
मंगलवार की रात करीब दो बजे राकेश गुप्ता ने बाथरूम में साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घर पर मृतक की पत्नी कमलेश कुमारी गुप्ता और पुत्री नैंसी गुप्ता थी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रभावी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने आत्महत्या की बात बताई है। रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।