लखीमपुर खीरी। फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा और दाखिल खारिज कराने के मामले में पहाड़ापुर निवासी विपिन वर्मा ने सदर तहसील के तत्कालीन लेखपाल समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मुकदमा न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया।
थाना पुलिस और अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली थी। विपिन वर्मा ने बताया कि गाटा संख्या 499 भूमि में वह सहखातेदार है। गांव के ही उसी के नाम के विपिन ने विश्वनाथ प्रताप सिंह व अतहर हुसैन के साथ मिलकर उसकी जमीन का बैनामा आठ अक्टूबर, 2021 को नफीस अहमद के नाम कर दिया।
तत्कालीन लेखपाल राजेश कुमार ने गलत रिपोर्ट लगाकर जमीन का दाखिल खारिज करा दिया। बताया कि वह मजदूरी करता है। मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर रहता है। जरूरत पड़ने पर जमीन की खतौनी निकलवाई तो धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने नहीं सुनी तो विपिन ने न्यायालय में गुहार लगाई। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पांचों के लिखाफ केस दर्जकर जांच शुरू की है।