लखीमपुर खीरी के निघासन थाना क्षेत्र के एक गांव में दो सगी बहनों की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में कांग्रेस पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के तौर पर दिए गए चार लाख के तीन चेक बाउंस होने के मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है, जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वाईके शर्मा समेत अमित जानी और वीरेंद्र आरोपी हैं।
निघासन कांड में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वाईके शर्मा ने दो लाख का चेक दिया था, जबकि इनके साथ आए कांग्रेस नेता अमित जानी और वीरेंद्र ने एक-एक लाख की चेक दिया था। पीड़ित परिवार ने जब चेक का भुगतान कराने के लिए अपने बैंक खाते में लगाया, तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की चेक हस्ताक्षर का मिलान न होने से बाउंस हो गई।
वहीं, कांग्रेस नेता अमित जानी व वीरेंद्र के खाते में पर्याप्त रुपये न होने के कारण चेक बाउंस हो गई थीं। इससे बैंक ने पीडित परिवार के खाते से चार हजार रुपये बतौर पेनल्टी काट लिए थे, जिससे पीड़ित परिवार को खुद को ठगा महसूस कर रहा था। लिहाजा दो सगी बहनों के भाई की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वाईके शर्मा, अमित जानी और वीरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ संजय नाथ तिवारी ने बताया कि चेक बाउंस होने के मामले में आरोपी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।