लखीमपुर खीरी जिले में चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। मंगलवार को आई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई। नए मरीजों में दो महिलाएं मितौली क्षेत्र की निवासी हैं। एक पुरूष सीएचसी मोहम्मदी के कस्बा बरवर और दूसरा संक्रमित पलिया सीएचसी के गांव मझगई निवासी हैं। दोनों पुरूषों का इलाज लखनऊ में चल रहा है। जनवरी से 11 मार्च तक कुल 66 पॉजिटिव मिल चुके हैं। इसमें से 57 लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। सक्रिय केसों की संख्या नौ है।
मितौली के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से 19 मार्च को कोरोना संक्रमितों के मिलने की शुरुआत अभी तक थमी नहीं है। तब से लगातार संक्रमित मिल रहे हैं। अब तक 67 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या मितौली सीएचसी क्षेत्र में रहने वालों की है। मंगलवार को जिले में जिन चार लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें एक महिला दतेली और दूसरी मितौली सीएचसी क्षेत्र के गांव खुर्रमनगर की निवासी है।
नोडल प्रभारी डॉ. धनीराम ने बताया कि दोनों महिलाएं आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित पाई गई हैं, जबकि दोनों पुरुषों में युवक का इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में और बुजुर्ग का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उन्होंने बताया कि इनके संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।