ममरी। रक्षाबंधन की शाम हैदराबाद थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
सोमवार शाम करीब आठ बजे गोला सिकंदराबाद रोड स्थित ग्राम निजामपुर के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी निवासी मुन्नालाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई है, जबकि दूसरी बाइक पर सवार राजेश कुमार पुत्र फकीरे लाल निवासी ग्राम नकहा थाना मैगलगंज और कुलदीप पुत्र रामनरेश निवासी ग्राम रसूलपुर थाना नीमगांव गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान राजेश कुमार की जिला अस्पताल में मौत हो गई।
दूसरी दुर्घटना रात करीब 8:30 बजे गोला-लखीमपुर रोड स्थित ग्राम निपानिया के पास हुई। यहां कार चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में हिमांशु पुत्र अनोखेलाल निवासी कस्बा व थाना भीरा व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सतीश कुमार पुत्र सर्वेश कुमार निवासी पिपरिया दुलही थाना पूरनपुर की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
तीसरी दुर्घटना गोला बांकेगंज रोड पर हुई जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार आशीष कुमार पुत्र फेरू लाल निवासी ग्राम रम्मापुर थाना हैदराबाद को टक्कर मार दी। इससे आशीष कुमार की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची हैदराबाद थाना पुलिस ने घायलों को गोला और फरधान अस्पताल भेजकर मृतकों के शवों को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, डॉक्टर ने घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।