बांकेगंज के ग्रंट नंबर तीन में वन विभाग ने लगाया पिंजरा।
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज जंगल से सटे ग्रंट नंबर तीन गांव में सक्रिय बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया है। बाघ को पिंजरे में कैद करने के लिए एक बकरी बांधी गई है।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक से अनुमति मिलने के बाद वन विभाग ने रविवार शाम ग्रंट नंबर तीन के गन्ने खेत में एक पिंजरा लगाया है। यह पिंजरा उसी खेत के पास लगाया गया है, जहां चार दिन पहले बाघ के हमले में राममिलन (28) की मौत हुई थी। वन विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चार कैमरे भी लगाए गए हैं, लेकिन किसी कैमरे में बाघ की तस्वीर कैद नहीं हुई है।
प्रभावित क्षेत्र में पिछले दो दिन से न तो की बाघ चहलकदमी दिखी है, न ही पगचिह्न मिले हैं। एफडी ललित वर्मा ने बताया कि निगरानी टीमों को प्रभावित क्षेत्र में लगातार कांबिंग करने के निर्देश दिए गए है। साथ ही जंगल के आसपास बसे गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।