गोला गोकर्णनाथ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त लखनऊ ने 18 महीने पहले गोला में तैनात रहे खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के वक्त उनकी तैनाती हरदोई में थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की सचिव एवं आयुक्त अनीता सिंह का एक पत्र सामने आया है, जिसमें हरदोई में अटैच खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार के निलंबन की बात सामने आई। आयुक्त की ओर से जारी आदेश में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार पर बिना अभिहीत अधिकारी को पूर्व सूचना दिये एकल नमूना संग्रह करने, सावधानीपूर्वक निरीक्षणपत्र पर अंकन न करने, निरीक्षणपत्र पर हस्ताक्षर करवाने के बाद निरीक्षण लेख तैयार करने का आरोप है।
आरोप यह भी है कि 22 जुलाई वर्ष 2022 को भीरा के मेसर्स तिरुपति बालाजी फूड प्रोडक्ट्स पर की गई विधिक कार्यवाही के संबंध में विभागीय उच्चाधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचित नहीं किया गया। कार्रवाई 30 जनवरी को की गई है। आगे की जांच बरेली मंडल के सहायक आयुक्त को सौंपी गई है।
एक माह के अंदर जांच रिपोर्ट आयुक्त को दी जाएगी। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राम मोहन सोनी ने बताया कि एफएसओ मनोज कुमार भार्गव द्वारा जिले के गोला, मोहम्मदी, पलिया, मैलानी, भीरा में तैनाती के दौरान लगातार व्यापारियों को परेशान कर उनसे वसूली करने और फर्जी फंसाने की शिकायतें आ रही थीं। इस संबंध में कई बार उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया था।