पलियाकलां। बनबसा बैराज से रात और फिर सुबह पानी छोड़े जाने के बाद शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। देर रात से ही जलस्तर में बढ़ोत्तरी हुई और रविवार को नदी की बाढ़ का पानी पलिया चीनी मिल के पास नगला रोड पर चलने लगा। मझौरा से इमलिया फार्म जाने वाला रास्ता बंद हो गया। बोझवा की ठोकर नंबर जीरो पर रेलवे ट्रैक के पास पानी पहुंच गया है। बनबसा बैराज से करीब डेढ़ लाख क्यूसेक पानी की रिलीजिंग शनिवार की रात से रविवार की सुबह तक हुई। जिसके बाद नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी हो गई। नदी खतरे के निशान से 60 सेंटीमीटर ऊपर 154.700 पर पहुंच गई। दोपहर तक पानी में बढ़ोत्तरी होने के बाद नदी के तेवर नरम हुए और दोपहर बाद से नदी के जलस्तर में गिरावट होने लगी। बढ़े हुए जलस्तर के बाद नदी का पानी चीनी मिल के सामने से नगला गांव जाने वाली रोड पर चलने लगा। यहां करीब दो फिट तक रोड पर पानी चलने लगा। इसके अलावा मझौरा से इमलिया फार्म जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। पहले ट्रैक्टर आदि से ग्रामीण निकल जाया करते थे लेकिन अब वह भी बंद है। बोझवा की ठोकर नंबर जीरो व एक के पास रेलवे ट्रैक तक पानी पहुंच गया है। यहां नदी पार खेतों में जाने के लिए ग्रामीण नाव का सहारा ले रहे हैं। अतरिया रेलवे क्रासिंग से मेलाघाट जाने वाले रास्ते पर भी पानी भर गया है। जिससे ग्रामीण घूमकर दूसरे रास्ते से गांव की ओर जा रहे हैं।
----------------