देर रात एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करके परिजनों से की पूछताछ
मितौली। पकरिया जलालपुर गांव में लापता पांच साल की बच्ची की गला दबाकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी में दर्ज मुकदमा हत्या की धारा में तरमीम कर लिया है। पुलिस अज्ञात हत्यारे की तलाश में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के पकरिया जलालपुर निवासी अनूप कुमार की पांच वर्षीय पुत्री अंशू मंगलवार की शाम करीब 5 बजे घर के बाहर खेलने के दौरान लापता हो गई थी। तलाश करने पर नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार देर शाम बच्ची का शव झाड़ियों में मिला था। उसके गले और शरीर पर चोटों के निशान थे। चेहरा खुला था, जबकि शरीर पत्तों से ढका था।
इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि के बाद फॉरेंसिक के साथ क्राइम ब्रांच और साइबर टीम को लगाया गया है। थाना प्रभारी राजू राव ने बताया कि शरीर पर चोट जैसे निशान दिख रहे थे, वो रगड़न के निशान हैं। वहीं दूसरे दिन पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो गांव में कोहराम मच गया। गांव में एहतिहातन भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
वर्जन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक मेरे पास नहीं आई है। गला दबाकर हत्या करने का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस अहम बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
नैपाल सिंह, एएसपी पश्चिमी