रीजनल प्रतियोगिता में 34 बच्चों ने जीते 41 स्वर्ण, रजत एवं ब्रांच मेडल
लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में गढ़ी रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय (केवी) के पांच बच्चे चयनित हुए हैं। प्रधानाचार्य एवं विद्यालय स्टाफ ने छात्रों को उत्साहवर्धन कर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन की 51वीं संभागीय प्रतियोगिता में शतरंज प्रतियोगिता केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ लखनऊ में और रस्सीकूद प्रतियोगिता केंद्रीय विद्यालय शाहजहांपुर में संपन्न हुई। इसमें विद्यालय के पांच बच्चों ने स्थान सुनिश्चित कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि इन दोनों प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग से 34 बच्चों ने प्रतिभाग कर 41 पदक जीते। शतरंज में बालिका वर्ग में कक्षा 10 की मानसी स्वर्ण, कक्षा 12 की जहरा सिद्दीकी ने कांस्य और बालक वर्ग से कक्षा 12 के इंद्रेश जायसवाल ने रजत पदक जीता। रोप स्किपिंग में बालिका वर्ग से नबीला एमन ने एक गोल्ड व दो सिल्वर मेडल जीते। बालक वर्ग से तन्मय भारती ने एक गोल्ड व दो सिल्वर और जैद राम सहाय, दिव्य ज्योति, उत्कर्ष दीक्षित ने गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रांच मेडल जीते।
प्रधानाचार्य ने विजेता बच्चों को मेडल एवं प्रमाण देकर पुरस्कृत किया। खेलकूद शिक्षक राजेंद्र कुमार, एसएन शुक्ला, आरके सिंह, एके मिश्रा, प्रमोद कुमार, प्रमोद बंसल, अतुल राय, गणेश ढ़काल, स्वर्ण जीत कौर, दीपशिखा, दिलीप वर्मा, सत्येंद्र जैन, अमन मौर्य आदि मौजूद रहे।