गोला कॉरिडोर में शिव मंदिर परिक्षेत्र में कराया जा रहा मार्ग और नाली निर्माण।
गोला गोकर्णनाथ। छोटी काशी कॉरिडोर के तहत शिव मंदिर परिक्षेत्र में मार्ग एवं नाली निर्माण शुरू तो कर दिया गया है, लेकिन घरों से बहते नाबदान निर्माण कार्य में बाधा बन रहे हैं। निर्माण करा रहे श्रमिक ठेकेदार लोगों से सहयोग के लिए निवेदन करते दिखे।
शिव मंदिर परिक्षेत्र में पीलीभीत धर्मशाला के सामने स्टेशन रोड से 80 मीटर मार्ग और नाली का निर्माण शुरू हो गया है। यह निर्माण कार्य यूपीपीसीएल के तहत नारायण एसोसिएट कंपनी की ओर से कराया जा रहा है। इंजीनियर अक्षय आनंद सिंह ने बताया कि स्टेशन रोड के मोड़ से 80 मीटर मार्ग की चौड़ाई साढ़े तीन मीटर रहेगी और ऊंचाई डेढ़ फुट बढ़ाई जाएगी।
निर्माण के दौरान एक तरफ को दी गई नाली में नाबदान का भरा पानी दिखा। दूसरी तरफ घरों के नाबदान में बोरी या कपड़ा ठूंसकर पानी को बंद किया गया था। पानी रोक-रोककर श्रमिक निर्माण कार्य करते दिखे। साथ ही ठेकेदार इंजीनियर निवेदन करते दिखे कि लोग पहले घर का काम निपटा लें, फिर निर्माण शुरू किया जाए।
इंजीनियर ने बताया कि घरों से निकलने वाले पानी से निर्माण कार्य में काफी दिक्कत हो रही है। फिलहाल दो दिन में नाली का कार्य पूर्ण हो जाएगा। 80 मीटर सड़क बनने के बाद स्टेशन की ओर जाने वाले 50 मीटर मार्ग का निर्माण शुरू होगा।