निघासन। शॉर्ट सर्किट से चूरा टांडा गांव में आग लगने से 18 घर जलकर राख हो गए। अग्निकांड में लोगों के घरेलू सामान के अलावा कृषि यंत्र और नकदी आदि जल गई। तेज हवा के चलते बीस लाख की क्षति का अनुमान है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे लुधौरी के पश्चिम चूरा टांडा गांव निवासी प्यारेलाल के घर के छप्पर में अचानक आग लग गई। आग से प्यारेलाल के घर में रखा सारा सामान जल गया। तेज हवा की वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। रामसिंह, मैकू, शेर सिंह, मोहर सिंह, केहर सिंह, प्रेम सिंह, शिवलाल, सुधीर सिंह तथा सर्वेश मानसिंह, राधेश्याम, कंचन सिंह, सुनील, विनोद, अमर सिंह, चेतराम, विनोद सिंह के 18 घर जल गए।
इन लोगों के घरों में रखा अनाज, बर्तन, बिस्तर, चारपाई, कपड़े सहित घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग में पप्पू सिंह के घर में रखे करीब चालीस हजार रुपये की नकदी भी जल गई। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।