लखीमपुर खीरी। जल जीवन मिशन की टंकी के 11 सोलर पैनल चोरी होने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए वायरल वीडियो के आधार पर कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सूत्र बताते हैं कि सामान भी बरामद कर लिया गया है, लेकिन पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर रही है।
चार अप्रैल को साइट सुपरवाइजर प्रभु सिंह निवासी ग्राम पंसा थाना हैदरनगर जनपद पलामू झारखंड ने नीमगांव पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह एनआर कंसट्रक्शंस कंपनी में कार्यरत है। जल जीवन मिशन के तहत ग्राम टिकौला में पानी की टंकी लगाई गई है। 550 वाट के 11 पैनल सोलर चोरी हो गए। चोरी होने का वीडियो किसी तरह खेत की रखवाली कर रहे युवक ने बना लिया। चोर जिस पिकअप में पैनल लाद रहे हैं, उसका नंबर भी वीडियो में दिखाई दे रहा है।
वीडियो के आधार पर नीमगांव पुलिस ने कुछ चोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और पैनल भी बरामद किए। चोरों को गिरफ्तार करने के बाद भी पुलिस ने घटना का खुलासा नहीं किया है। एसओ नीमगांव श्रद्धा सिंह ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ मितौली शमशेर बहादुर सिंह ने मामले में लिखापढ़ी न होने और पूरे प्रकरण को समझकर कुछ कहने की बात कही है।