फाइनेंस कंपनी की धोखाधड़ी की शिकायत लेकर साइबर थाने पहुंचे ग्रामीण संवाद
लखीमपुर खीरी। एलआरपी चौराहे के पास संचालित एक फाइनेंस कंपनी जिले के कई लोगों का रुपया लेकर भाग गई। सोमवार को मैगलगंज थाने के ककरहा गांव निवासी कई ग्रामीण धोखाधड़ी की शिकायत लेकर साइबर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई।
मैगलगंज थाने के गांव ककरहा निवासी रज्जन, खुशीराम, कपिल, बिट्टा व राखी ने बताया कि एलआरपी चौकी के करीब संचालित एक फाइनेंस कंपनी ने आधार-पैन कार्ड पर दो लाख रुपये तक लोन देने का झांसा दिया। ब्याज भी कम बताया गया। झांसे में आकर उन लोगों ने ऋण लेने की इच्छा जताई तो कंपनी के कर्मचारियों ने फाइल बनाने के नाम पर 1150, 200 रुपये स्टांप शुल्क और 5450 रुपये केवाईसी के मिलाकर करीब सात हजार रुपये जमा करा लिए। कुछ लोगों से अधिक रुपये भी लिए गए। लोन तो नहीं मिला, कंपनी ग्रामीणों के रुपये लेकर भाग गई।
पीड़ितों ने बताया कि सभी प्रक्रिया पूरी करने के कुछ दिन बाद वह लोग कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लगा था। बताया कि उन्होंने रुपये फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले शिवकॉलोनी निवासी दो युवकों के पास जमा किए थे। कंपनी ने ककरहा व आसपास गांवों के करीब 20 लोगों को चूना लगाया है। दो दिन पहले सिसैया निवासी कई ग्रामीण भी साइबर थाने पहुंचे थे। वह भी फाइनेंस कंपनी की ठगी का शिकार हुए थे।
साइबर थाना प्रभारी रामखेलावन ने बताया कि मामला धोखाधड़ी का है। फिर भी जांच की जा रही है। कंपनी जिस भवन में संचालित थी, उसमें ताला लगवा दिया गया है। सदर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि एक तहरीर मिली है। एलआरपी चौकी प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं।