बेलरायां(लखीमपुर खीरी)। हरद्वाही चौराहे पर झगड़े की सूचना पर पहुंचे बेलरायां चौकी के सिपाहियों के साथ मारपीट की गई। सूचना पर जब तक पुलिस फोर्स पहुंचती, आरोपी भाग चुके थे। थाना पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
रविवार की शाम करीब पांच बजे सिंगाही थाने के हरद्वाही बाजार चौराहे पर दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे बेलरायां चौकी के दो सिपाहियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। डांट-फटकार कर भीड़ को हटाने की कोशिश की लेकिन झगड़ रहे कुछ लोग सिपाहियों से उलझ गए। सिपाहियों ने विवाद कर रहे लोगों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने मारपीट कर दी। सिपाहियों ने थाने को सूचना दी लेकिन जब तक पुलिस फोर्स पहुंचती आरोपी भाग चुके थे। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
इस मामले में सीओ निघासन यादुवेंद्र ने बताया कि प्राइवेट बस के कंडक्टर और क्लीनर में मारपीट हो रही थी। मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव किया। इसी बीच एक पक्ष ने पुलिस से भिड़ने का प्रयास किया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।