दरेरीपुरवा गांव में मौजूद पढ़ुआ पुलिस संवाद
धौरहरा। पढ़ुआ थाना के गांव दरेरीपुरवा में ट्रक निकलने में बाधा बने खूंटे उखाड़ने में दो पक्षों में विवाद हो गया। बात मारपीट तक पहुंच गई। गांव में तनाव का माहौल हो गया। हालांकि दोनों पक्षों में समझौत करा दिया गया है, लेकिन एहतियातन पीएसी तैनात की गई है।
गांव दरेरीपुरवा में कई किसानों ने मिलकर एक ट्रक केले की फसल बेची थी। बृहस्पतिवार की रात ट्रक लोडिंग के बाद गांव से निकल रहा था। मोड़ पर रास्ता संकरा होने की वजह से ट्रक फंस गया। रास्ते के किनारे मवेशियों को बांधने के लिए गाड़े गए खूंटे ट्रक निकलने में बाधा बन रहे थे। ट्रक चालक के कहने पर खूंटे उखाड़ दिए गए।
ट्रक निकलने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इससे दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। लाठी-डंडे निकल आए, मारपीट होने लगी। इसमें कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं। विवाद बढ़ता देख किसी ने डायल 112 को फोनकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पढ़ुआ थाना प्रभारी हरिकेश राय ने फोर्स के साथ पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
रात को ही एहतियातन सिगाही, निघासन की फोर्स मौके पर पहुंच गई। रात करीब 10 बजे सीओ निघासन प्रवीण यादव ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गांव में फोर्स के साथ मार्च किया। सुबह गांव में पीएससी तैनात कर दी गई है। सीओ ने बताया अब स्थिति सामान्य है।
-
11 लोग किए गए पाबंद
थानाध्यक्ष पढ़ुआ ने बताया गांव में शांति है, फोर्स तैनात है। दोनों पक्षों के 11 लोगो को पाबंद किया गया है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अगर किसी ने मामले को भड़काने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।