सदर कोतवाली के मकसोहा निवासी किसान रामदुलारे का शीतलापुर ग्राम सभा के मजरा बक्कशपुरवा में खेत है, जो इन दिनों परती पड़ा है। किसान का आरोप है कि कुछ लोग कई दिनों से उनके खेत से बालू का खनन करा रहे थे, जिसकी जानकारी उन्हें हुई तो अपने रिश्तेदारों से नजर रखने की गुजारिश की थी। गुरुवार की रात कुछ लोग उनके खेत से बालू खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर रहे थे। इसकी जानकारी लगते ही खेत मालिक और उनके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। खनन में लिप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक और लोगों से विवाद हो गया। किसान का आरोप है कि खनन कर रहे लोगों ने अपने को पुलिस का आदमी बताते हुए रौब गांठा। इसी बीच एक चौकी के कुछ सिपाही जीप से मौके पर आ धमके। आरोप है कि सिपाहियों ने विभागीय मुखिया का हवाला देकर खनन कराने की बात कही और बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चल दिए। इस पर ग्रामीणों ने विरोध किया, तो नाराज सिपाहियों ने एक ग्रामीण को थप्पड़ मार दिया। इससे ग्रामीण भी लामबंद होकर विरोध पर उतर आए। दोनों पक्षों में नोकझोंक के साथ हाथापाई तक की नौबत आ गई। शोरगुल सुनकर कई गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। अपने को घिरता देख सिपाही मौके से खिसक लिए। मामला उच्चाधिकारियों तक न पहुंचे। इसके लिए जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में ग्रामीणों की मानमनौव्वल कर उन्हे शांत करा दिया गया।