मझगईं। थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी होने वाली पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद युवती को मरा समझ कर भाग गया।
निघासन के मंशापुरवा गांव निवासी दुजई की 18 वर्षीय पुत्री रोशनी मझगईं थाना क्षेत्र के गांव कोदी बाबा में जीजा संतराम के यहां आई थी। बताया गया कि बृहस्पतिवार को दोपहर वह दवा लेने पैदल जा रही थी। तभी पहले से घात लगाए बैठे उसके मंगेतर रोशनलाल ने रोशनी को पकड़ लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। गले में चाकू लगने से रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों को आता देख और युवती को मरा समझकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने युवती को पलिया सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों की शादी तय हुई थी। हालांकि, किस बात से नाराजगी थी, यह पता नहीं चल पाया है।
मझगईं थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि किसी बात को लेकर मंगेतर ने युवती पर चाकू से वार किए हैं। युवती की हालत गंभीर है। आरोपी मदनापुर गांव का है। युवती की बहन की तहरीर पर आरोपी और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।