ममरी। ग्राम पंचायत बेहड़ा मुल्तान के गांव खोखाय निवासी ऊषा देवी (60) पत्नी लालाराम की बुधवार को बुखार से मौत हो गई।
लालाराम ने बताया कि पत्नी को पिछले कई दिन से ठंड लगकर तेज बुखार आ रहा था। गांव से लेकर आसपास के डॉक्टरों से काफी दिन तक इलाज कराया, मगर हालत में सुधार नहीं हुआ। सीएचसी गोला ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इससे पहले ही मौत हो गई। उधर, गांव निवासी आदेश कुमार, शिवानी, जूली, राज, सोनी, रिंकी, छोटे, लल्ला, ममता देवी, मलखान, राकेश, सियाराम, बिंद्रा प्रसाद, भोगनाथ, लज्जा देवी सहित तमाम लोग बुखार आने की चपेट में हैं।
ग्रामीण बताते हैं कि पिछले साल बुखार फैलने पर स्वास्थ्य विभाग का शिविर लगा था। इस बार कोई जिम्मेदार गांव में नहीं आया, जबकि बुखार का प्रकोप दिन पर दिन बढ़ रहा है।
जलभराव और गंदगी से बढ़ रहे मच्छर
गांव में साफ सफाई न होने से मच्छरों की भरमार हैं। जलनिकास का भी उचित प्रबंध नहीं है। सफाई न होने से नालियों में झाड़ियां उग आई हैं। इसमें पनप रहे मच्छर बीमारियों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीण बताते हैं सफाईकर्मी गांव में आता ही नहीं।
खोखाय में बुखार फैलने की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक इलाज के लिए कोई मरीज नहीं आया है। जल्द ही गांव में स्वास्थ्य शिविर लगवाया जाएगा।
डॉ. वाईडी वर्मा, परेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी
गांव में गंदगी और सफाई न होने के बारे में जानकारी नहीं है। शुक्रवार को स्वयं गांव जाऊगां। गांवों में टीम भेजकर सफाई करवाई जा रही है। खोखाय में भी सफाई कराकर एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।
- हनुमान प्रसाद मिश्रा, बीडीओ कुंभी