चोरहा-खुर्रमनगर में मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की भीड़ -संवाद
पसगवां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चोरहा खुर्रमनगर में खेत में काम करने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में हुई किसान राजाराम की मौत मामले में रविवार को परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। करीब दो घंटे तक पुलिस और परिजनों में बहस चलती रही। काफी देर बात पुलिस के पहरे में राजाराम का अंतिम संस्कार हुआ। उधर, पुलिस का कहना है कि हार्टअटैक से राजाराम की मौत हुई है।
शनिवार को ग्राम चोरहा खुर्रमनगर में राजाराम ( 55) की खेत में बुग्गी में गन्ना भरने के दौरान संदिग्धावस्था में मौत हो गई थी। परिजनों ने खेत से आरोपियों के बुग्गी निकालने और अन्य कारणों से हत्या किए जाने की बात कही थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया। रविवार को जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचाया गया तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से मना कर दिया। परिजन रिपोर्ट की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस और मृतक के परिजनों में नोकझोंक लगभग दो घंटों तक होती रही। शांति व्यवस्था के लिए पसगवांं, उचौलिया, मोहम्मदी, हैदराबाद थानों की पुलिस चोरहा खुर्रमनगर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस का परिजनों से वार्ता का दौर शुरू हुआ। पुलिस ने मृतक के पुत्र संजय की तहरीर लेकर जांच का आश्वासन दिया है। इसके बाद राजाराम का अंतिम संस्कार किया गया। शव लगभग दो घंटे रखा रहा। उधर, थाना प्रभारी दीपक राठौर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक आया है। शरीर पर कहीं कोई भी चोट का निशान नहीं है।
चोरहा-खुर्रमनगर में मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की भीड़ -संवाद