मैगलगंज। आई फ्लू का संक्रमण लगभग हर घर में फैल चुका है। आंखों में चुभन होने से पीड़ित कराह रहे हैं। अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने से दवा की दुकानों से आई ड्रॉप से लेकर कैप्सूल तक का अकाल है। मांग के अनुसार दवाएं न मिलने पर थोक एवं फुटकर दवा विक्रेताओं ने इनकी कीमतें बढ़ा दी हैं।
एक रुपये में मिलने वाला आंख का कैप्सूल अब दो रुपये में बेचा जा रहा है। दवा विक्रेता बताते हैं कि पहले 100 कैप्सूल का डिब्बा 38 से 40 रुपये में मिलता था, लेकिन अब इसका थोक मूल्य 50 रुपये हो गया है। इसलिए दोगुने रेट पर बेचना मजबूरी है। कुछ दिन पहले तक चार रुपये में 10 कैप्सूल का पत्ता अब आठ रुपये में बेचा जा रहा है। महुआ ढाब निवासी सुजान सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार आई ड्रॉप लेने गए। पहले तो दवा विक्रेता ने आई ड्रॉप न होना बताया, मगर बाद में दूसरा आई ड्रॉप 60 रुपये में दिया।
जिले में आई फ्लू से संबंधित दवाएं पर्याप्त मात्रा में हैं। यदि कोई दवा विक्रेता अधिक मूल्य पर दवाओं की बिक्री करता है, तो ग्राहक इसकी सूचना दे। ताकि उस पर कार्रवाई की जा सके।
- सुनील रावत, ड्रग इंस्पेक्टर