कांशीराम कालोनी लखीमपुर में छिड़काव करते कर्मचारी-स्रोत विभाग
लखीमपुर खीरी। गर्मी बढ़ने के साथ ही मच्छरों की संख्या बढ़ने लगी है। मच्छरों से होने वाली बीमारियों के रोकथाम को लेकर मलेरिया विभाग में एंटीलार्वा का छिड़काव शुरू कर दिया है। साथ ही मलेरिया व फाइलेरिया की जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। जिला मुख्यालय के साथ ही जनपद की सीएचसी, पीएचसी आदि स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच शुरू करा दी गई है।
जिले में तीन दिन पहले लखनऊ मंडल की कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब आई थीं। अफसरों को संचारी रोगों के रोकथाम को लेकर निर्देश दिए थे। कमिश्नर से निर्देश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिला मलेरिया अधिकारी हरि शंकर ने बताया कि मच्छरों के प्रकोप की रोकथाम को लेकर नगर पालिका व मलेरिया विभाग की संयुक्त टीम का 31 मार्च तक रोस्टर जारी कर विशेष सफाई व एंटी लार्वा छिड़काव अभियान शुरू कर दिया गया है। साथ ही मलेरिया, फाइलेरिया व अन्य जांचों का दायरा बढ़ा दिया गया है।
हालांकि अभी मलेरिया के मामले कम ही पाए जा रहे हैं। एंटी लार्वा का छिड़काव के साथ ही लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। लोगों को पानी एकत्र न रखने के लिए प्रेरित किया। मलेरिया विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर एंटी लार्वा का छिड़काव करने के साथ ही उनके सैंपल भी ले रहे है। साथ ही जगह-जगह पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।
-
फाइलेरिया की नाइट जांच शुरू
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि फाइलेरिया की जांच भी शुरू कर दी गई है। यह जांच रात के समय ही होती है। ऐसे में विभाग में प्रत्येक बुधवार को रात 10 बजे तक जांच के लिए कार्यालय खोला जाता है। अगर जांच के लिए मरीज ज्यादा आते हैं तो समय बढ़ा दिया जाता। फाइलेरिया की जांच रात में ही की जाती है। फाइलेरिया जांच के लिए 20 मार्च को जनपद के सभी एलटी को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस बार तीन सप्ताह चलेगा दस्तक अभियान
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि कि इस बार तीन सप्ताह दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर कर दी गई है। पहले यह अभियान मात्र दो सप्ताह ही चलता था, लेकिन इस बार सात दिन अधिक चलेगा। दस्तक अभियान एक अप्रैल से 21 तक चलेगा।