लखीमपुर खीरी। रविवार की रात छाउछ स्थित बिजलीघर में 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के बाद 72 घंटे बाद भी आधे शहर को राहत नहीं मिल सकी है। किसी तरह शेड्यूल वार मोहल्लों को बिजली दी जा रही है। उधर, बताया गया कि नया ट्रांसफार्मर एलॉट हो गया है, देर रात उसके पहुंचने के बाद बुधवार से संभव है कि बिजली आपूर्ति दुरुस्त हो जाए।
शहरवासी शिफ्ट के हिसाब से मिल रही विद्युतापूर्ति को लेकर पहले ही परेशान हैं। ऊपर से अब कुछ देर ही बिजली मिल रही है। एक्सईएन शैलेंद्र कुमार का कहना है कि राजगढ, राम नगर, बुद्धविहार, शिव कालोनी, गोटैय्या बाग, देवकली रोड आदि क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। रोस्टर के हिसाब से फीडरों को आपूर्ति दी जाती है। लखनऊ के सरोजनी नगर से 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर आना है। देर रात या फिर बुधवार की सुबह शहर पहुंचाया जा सकता है। इससे पहले पुराने व फुंके ट्रांसफार्मर को हटाने की प्रक्रिया तेजी के साथ की जा रही है।
बिजली रहते हुए पूरे कर लें जरूरी कार्य
शहरवासी बिजली रहने तक जरूरत के सभी काम सुनिश्चित कर लें। बृहस्पतिवार तक सभी सेवाएं पूरी तरह से बहाल कर ली जाएंगी।