लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य अब अंतिम दौर में है। अब तक 95 प्रतिशत से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। तय समयावधि से पहले मूल्यांकन पूरा करने के लिए शिक्षक जुटे हैं। जल्द परिणाम घोषित होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के बाद 15 दिनों के अंदर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कराना एक चुनौती पूर्ण कार्य था, लेकिन विभागीय अधिकारियों और परीक्षकों के बेहतर तालमेल के चलते मूल्यांकन कार्य लगभग पूरा होने की दिशा में पहुंच चुका है। जिले में कुल 3,54,186 उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गईं थी, जिनमें से तीन लाख से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाएं जांची जा चुकी हैं।
मूल्यांकन को लेकर शहर के तीन विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में कार्य कराया जा रहा है। राजकीय इंटर काॅलेज में 1,79,543, राजकीय कन्या इंटर काॅलेज में 73414 और गांधी विद्यालय में 1,01,229 उत्तर पुस्तिकाओं को खेप भेजी गई थी। इनमें से राजकीय कन्या इंटर में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। वहीं राजकीय इंटर कालेज में 18604 उत्तर पुस्तिकाएं जांची जानी है। गांधी विद्यालय में महज 6176 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शेष रह गया है। डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक से दो दिनों के अंदर शेष उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य को भी पूरा करा लिया जाएगा।