दुधवा में पेड़ पर बैठी उड़न गिलहरी।
लखीमपुर खीरी/ बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व में विलुप्तप्राय तीन उड़न गिलहरी नजर आई हैं। एक से दूसरे पेड़ पर उड़ान भरकर पहुंची उड़न गिलहरी की तस्वीर गश्त कर रही वन कर्मियों की टीम ने कैमरे में कैद की है।
दुधवा नेशनल पार्क की दक्षिण सोनारीपुर रेंज परिसर के पास डिप्टी रेंजर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गश्त कर रही टीम को रविवार रेंज परिसर के चौराहे के पास उड़न गिलहरी एक से दूसरे पेड़ पर उड़ान भरकर बैठती नजर आई। गश्ती टीम को इस दौरान तीन उड़न गिलहरियां दिखाई दीं।
उन्होंने पेड़ पर बैठी उड़न गिलहरी की तस्वीर अपने कैमरे में कैद कर इसकी सूचना दुधवा टाइगर रिजर्व के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक / एफडी बी. प्रभाकर के साथ ही दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक डॉ. रंगाराजू टी को दी। वनाधिकारियों ने सोनारीपुर रेंज में तैनात वन कर्मियों को उड़न गिलहरी की निगरानी बढ़ाने और संरक्षण के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए है।
एफडी ने बताया कि उड़न गिलहरी शेड्यूल वन का प्राणी है। दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगल में रहने वाले दुर्लभ वन्यजीवों के संरक्षण, बेहतर प्राकृतवास, सुरक्षा, हरे-भरे घास के मैदान, भोजन, पानी आदि के समुचित प्रबंध के चलते यहां विलुप्त प्रजाति के पक्षी अक्सर दिखलाई पड़ते हैं।