अमीरनगर। विद्युत उपकेंद्र बस्तौली में चार दिन बीत जाने के बाद भी 33 हजार लाइन में फॉल्ट ठीक न होने से बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है।
क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता और किसान परेशान हैं, तो कस्बे के व्यापारियों की दुकानों में अंधेरा छाया हुआ है। लोग बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते चार दिन गुजरने के बाद भी बिजली सप्लाई शुरू न होने से दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
अघोषित बिजली कटौती से परेशान होकर बिजली उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को मोहम्मदी विद्युत उपकेंद्र का घेराव करने के बाद एक्सईएन मुकेश वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर संत बाबा पाल सिंह, सहकारी समिति बस्तौली के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह लाडी, मलूक सिंह, इंद्रजीत सिंह राना, मेजर सिंह मौजूद रहे।