गोला रोड पर फाल्ट सही करता कर्मचारी-स्रोत विभाग
लखीमपुर खीरी। शहर में बृहस्पतिवार रात कई बार आंख मिचौली करने के बाद शुक्रवार सुबह शहर के अधिकांश मोहल्लों की बिजली काट दी गई। चार से पांच घंटों तक बिजली गुल होने से शहरवासियों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह स्कूली बच्चों के अलावा ऑफिस व अन्य ड्यूटी पर जाने के वक्त पानी नसीब नहीं हो सका। हालांकि, विभागीय अफसरों का कहना है इस दौरान फॉल्ट सही कर लिया गया।
शहर में कुछ जगह फॉल्ट तो कुछ जगह रिपेयरिंग व टेस्टिंग होने से बिजली व्यवस्था चौपट रही है। अफसरों का कहना है कि नई बस्ती फीडर पर सुबह सात से करीब 11 बजे तक रिपेयरिंग व टेस्टिंग का कार्य चला, जिसकी वजह से बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। इसकी वजह से काशीराम, राजापुर, नई बस्ती आदि करीब शहर के 10 मोहल्लों की बिजली बाधित रही।
वहीं, गढ़ी पावर हाउस क्षेत्र के गोला रोड पर केबिल में ब्लास्ट होने की वजह से बिजली बाधित रही। इसकी वजह से सीतापुर रोड सहित कई मोहल्लों की बिजली बाधित रही। विभागीय अफसरों के अनुसार, सुबह छह से नौ बजे तक बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। एसडीओ एके चौरसिया ने बताया कि गोला रोड पर केबिल फट गया था। तत्काल कर्मचारियों को भेजकर फॉल्ट सही कराई गई।
बिजली तार में फंसकर बंदर की मौत
शहर के मोहल्ला राजगढ़ में सीतापुर रोड पर शिव मंदिर के पास बिजली के तारों में चिपक कर एक बंदर की मौत हो गई। बंदर तार में ही उलझकर रह गया। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सप्लाई बंद कर बंदर को तार से उतारा।
गोला रोड पर फाल्ट सही करता कर्मचारी-स्रोत विभाग