साहिबगंज गांव में बिजली गिरने की घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग
गोला गोकर्णनाथ। रविवार दोपहर आसमान में कड़कती बिजली की गरज सुनकर लोग सहम गए। क्षेत्र में कई जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं हुई हैं। एक घटना में बिजली गिरने से नौ बकरियों की मौत हो गई। दूसरे स्थान पर दो व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गए। विद्युत उपखंड में बिजली गिरने से शाम तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
पिपरिया धनी क्षेत्र के साहबगंज ग्रंट निवासी चरवाहा सरजीत गांव के निकट कुछ ही दूर पर साखू के पेड़ के नीचे बकरी चरा रहा था। रविवार दोपहर को साखू के पेड़ पर बिजली गिर गई और पेड़ के नीचे खड़ी नौ बकरियों की भी मौत हो गई। पेड़ की एक डाल फटकर जमीन पर आ गिरी। जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों में दुबक गए।
एक फर्टिलाइजर कंपनी में कार्यरत बाराबंकी के थाना बसौती के गांव बासा निवासी महेंद्र प्रताप सिंह पुत्र जगत नारायण सिंह कंपनी के काम से अलीगंज मार्ग स्थित दाउदपुर जा रहे थे, तभी तेज बरसात होने के कारण अलीगंज मार्ग हंडेला गुरुद्वारा के निकट रामनरायण जोशी के छप्पर के नीचे रखे खोखे के पास खड़े हो गए। जहां बिजली गिरने से वह और एक अज्ञात व्यक्ति झुलस गए।
तेज गर्जना के साथ विद्युत उपखंड में हाई टेंशनलाइन पर बिजली गिर गई। इससे देर शाम तक फीडर नंबर एक और चार की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। एसडीओ विनीत कुमार वर्मा ने बताया कि बिजली गिरने से कुछ उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिनका मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।