लखीमपुर खीरी। हर बार चुनावों में ड्यूटी कटवाने को लेकर कर्मचारी तरह-तरह की सिफारिशें लगाते हैं। कोई कर्मचारी मेडिकल लगाकर तो कोई किसी बड़े और कद्दावर नेता से सिफारिश लगवाते रहे हैं लेकिन इस बार प्रशासन इसे लेकर बहुत सख्त है। अब ड्यूटी कटवाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि देवकली रोड पर धर्मसभा इंटर कॉलेज में कर्मचारियों को 15, 16, 18 और 19 अप्रैल को मतदान प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि चार दिन तक दो शिफ्टों में कर्मचारियों को ईवीएम से मतदान कराने से संबंधित सभी बिंदुओं की जानकारी दी जाएगी। हर एक शिफ्ट में 900 कर्मचारी शामिल होंगे। कुल 14 हजार से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने की तैयारी है।
सीडीओ ने बताया कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ इस बार पहले दिन से ही कार्रवाई की जाएगी। अभी तक पिछले चुनावों में प्रशिक्षण से गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों पर प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद कार्रवाई की जाती थी लेकिन इस बार भारत निर्वाचन आयोग ने पहले दिन से ही कार्रवाई कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।